सागर- महंगाई और समस्याओं पर कांग्रेस का हल्लाबोल! गैस-डीजल संकट को लेकर शाहगढ़ में प्रदर्शन
सागर जिले के शाहगढ़ में महंगाई और स्थानीय समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक और नगर कांग्रेस कमेटी ने पूर्व विधायक तरवर सिंह के नेतृत्व में रसोई गैस, डीजल और पेट्रोल की कमी के खिलाफ मोर्चा खोला और तहसीलदार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। शनिवार दोपहर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने खाली गैस सिलेंडर, डीजल-पेट्रोल के डिब्बे और गोबर के कंडे रखकर विरोध जताया। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
पूर्व विधायक तरवर सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, डीजल और पेट्रोल की आपूर्ति में भारी कमी है, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से कई मांगें रखीं। इनमें रसोई गैस, डीजल और पेट्रोल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना, बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी को वापस लेना और समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी जल्द शुरू करना शामिल है।
इसके अलावा, स्थानीय समस्याओं को लेकर भी कांग्रेस ने आवाज उठाई। नगर परिषद शाहगढ़ में जल संकट की अनदेखी और पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ न मिलने पर नाराजगी जताई गई। कार्यकर्ताओं ने “सीएमओ हटाओ, शाहगढ़ बचाओ” के नारे भी लगाए। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने तहसीलदार जी.सी. राय को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। तहसीलदार ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने साफ संदेश दिया है कि वह जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर प्रशासन तक आवाज उठाती रहेगी। अब देखना होगा कि इन मांगों पर प्रशासन और सरकार क्या कदम उठाती है।