सागर- महिलाओं ने शराब दुकान में मचाई तोड़फोड़,शराब की पेटी में लगी दी आग,फिर पहुंची पुलिस
सागर जिले के खुरई में अचानक से विवाद की स्थिति बन गयी। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़कों पर उतर आईं। वहीं पुलिस के खिलाफ भी लोगों का गुस्सा देखने को मिला। दरअसल ये सब हुआ खुरई के तलैया नाका के पास स्थित शराब दुकान खोले जाने को लेकर। जहां महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए शराब दुकान में जमकर तोड़-फोड़ कर दी। साथ ही शराब की पेटी में भी आग लगा दी। मामला बिगड़ते देख मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा। काफी देर तक मौके पर हंगामा चलता रहा। महिलाओं का कहना था की किसी भी कीमत पर यहां शराब दुकान नहीं खुलने देंगे।
बताया गया की तलैया नाका के पास स्थित शराब दुकान को हटाने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। शनिवार की शाम को शराब दुकान के खुलने के दौरान महिलाओं ने हंगमा कर दिया। प्रदर्शन करते हुए दुकान में जमकर तोड़फोड़ कर दी। वार्डवासियों का कहना था की एसडीएम ने लिखित आश्वासन दिया था कि यहां शराब दुकान नहीं खोली जाएगी। इसके बाद भी शराब दुकान खोली जा रही है। जिससे वार्डवासियों में आक्रोश बढ़ गया।
जानकारी के मुताबिक तलैया नाका के पास स्थित शराब दुकान को खोलने के लिए नए ठेकेदार के कर्मचारी जैसे ही पहुंचे वैसे ही बड़ी संख्या में महिलाएं भी पहुंच गईं। वार्डवासियों ने शराब दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। और शराब की पेटी को बाहर फेंककर उसमें आग लगा दी। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि वे किसी भी कीमत पर यहां शराब दुकान नहीं खुलने देंगी। मामले की जानकारी लगते ही नायब तहसीलदार शिवमूर्ति सरल, शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। समझाइश के दौरान लोगों की पुलिस से भी हल्की झड़प हुई। देर शाम तक चले इस हंगामे के कारण इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।-