मकान मालिक गया था मंगनी में, घर में चोर ने लगाई लाखों की सेंध, 24 घंटे के भीतर पकड़ा गया
एक सूने मकान में चोर ने बड़े ही शातिर तरीके से लाखों रूपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जिससे क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। चोर मौके से सोने चांदी के जेवरात और एक मोबाइल फोन चुराकर चंपत हो गया। जिसकी कीमत 3 लाख 16 हजार रूपये बताई जा रही है। लेकिन पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रीय किया और महज 24 घंटे के अंदर चोर को पकड़ लिया। साथ ही सामान को भी जप्त किया। मामला दमोह जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
दरअसल नूरी नगर निवासी नईम कुरैशी ने पुलिस सहायता केंद्र बजरिया पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी की बीते 1 अप्रैल की रात वह अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में आयोजित मंगनी कार्यक्रम में शामिल होने घर पर ताला लगाकर घाटमपुर गया था। 3 अप्रैल को जब वह वापस लौटा तो घर के मैन गेट का ताला सही मिला। लेकिन अंदर कमरे के दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात समेत एक मोबाइल फोन गायब था। जिसकी कुल कीमत करीब 3 लाख 16 हजार रुपये आंकी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देशन में टीम गठित की गयी। जहां मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले। जिसके आधार पर परवेज कुरैशी निवासी नूरी नगर को हिरासत में लिया। जिसने पूछताछ में चोरी की घटना को कबूल किया। उसके कब्जे से मशरूका जिसमें करीब 851 ग्राम चांदी के जेवर, 4 ग्राम सोने के जेवर और मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले में सीएसपी एच.आर. पांडे ने जानकारी देते हुए बताया की आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जिसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।