बंदूक का रौब फेल, मामूली चालान पर भड़के रिटायर्ड अफसर, पुलिस को दी ध म की!
मध्यप्रदेश के सागर संभाग के पन्ना जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मामूली ट्रैफिक चालान ने सड़क पर हाई-वोल्टेज ड्रामा खड़ा कर दिया। सीट बेल्ट न लगाने पर रोके गए एक रिटायर्ड अधिकारी ने पुलिस पर ही बंदूक तान दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ये पूरा मामला पन्ना-छतरपुर नेशनल हाईवे-39 स्थित मड़ला थाना क्षेत्र का है। यहां पुलिस सड़क सुरक्षा अभियान के तहत वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मैहर निवासी सेवानिवृत्त अधिकारी भरत सिंह चौहान अपनी पत्नी के साथ कार से गुजर रहे थे। सीट बेल्ट न पहनने पर पुलिस ने उन्हें रोका और चालान की कार्रवाई शुरू की।
लेकिन एक मामूली चालान पर ही मामला इतना बढ़ गया कि पूर्व अधिकारी आपा खो बैठे। बताया जा रहा है कि बहस के दौरान उन्होंने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल ली और पुलिसकर्मियों पर रौब झाड़ने लगे। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे सड़क पर खड़े होकर पूर्व अधिकारी आक्रामक अंदाज में पुलिस से बहस कर रहे हैं। स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई, लेकिन मड़ला पुलिस ने संयम और सूझबूझ से हालात को संभाल लिया।
घटना के बाद पन्ना पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इस कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि कानून के सामने कोई भी बड़ा या छोटा नहीं है। SP निवेदिता नायडू ने बताया कि पुलिसिंग सबके लिए समान है। इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और एफआईआर दर्ज की गई है, चाहे आरोपी कोई भी हो। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या कुछ लोग अपने पद और रौब के दम पर कानून से ऊपर खुद को समझने लगे हैं? फिलहाल पन्ना पुलिस ने साफ कर दिया है—कानून सबके लिए एक समान है।