सागर के खुरई जेल पहुंचे MP के जेल डीजी, बंदियों से की बातचीत,कैदियों को बंद पैकेट भी मिल सकेगा | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश के जेल महानिदेशक (डीजी) डॉ. वरुण कपूर सागर जिले के खुरई स्थित सब जेल में औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जेल के बन्दियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को भी सुना। साथ ही जेल में मिलने वाली सुविधाओं से लेकर हर एक चीज की जानकारी ली। इस मौके पर बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
जेल महानिदेशक (डीजी) ने खुरई सब जेल पहुंचकर सबसे पहले ओपन जिम का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद जेल कर्मियों ने सलामी दी। उन्होंने आमद रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर जेल के अंदर प्रवेश किया। सबसे पहले उन्होंने मुलाकात कक्ष में पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं। वहां मौजूद लोगों से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान डीजी वरुण कपूर ने पांचों बैरकों का दौरा किया। उन्होंने बंदियों से खान-पान की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं, अन्य समस्याओं को लेकर चर्चा की। डीजी ने बंदियों के शौचालय, कैदियों को दिए जाने वाले अनाज की गुणवत्ता भी जांची। निरीक्षण के बाद डीजी वरुण कपूर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यहां ओपन जिम का शुभारंभ किया गया है। जिसमें जेल स्टाफ के साथ उनके परिजनों के लिए यह सुविधा दी गई है। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं सही पाई गई। छोटी-छोटी जो कमियां पाई गई हैं। उन्हें जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि एक बंदी को 15 दिन में परिजनों द्वारा बाजार की बंद पैकेट की खाने पीने की वस्तु दी जा सकती है। यह योजना शुरू कर दी गई है। इस दौरान सहायक जेल अधीक्षक बृजेंद्र बहादुर सिंह, बंडा सहायक जेल अधीक्षक राजेंद्र यादव, एसडीएम मनोज चौरसिया, शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी, देहात थाना प्रभारी संतोष सिंह ठाकुर मौजूद थे।