Sagar - 17 अप्रैल से शुरू होगी गर्मी स्पेशल ट्रेन, सोगरिया-धनबाद के बीच 23 स्टेशनों पर रुकेगी
गर्मियों की छुट्टियों में ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सोगरिया (कोटा) और धनबाद के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन भोपाल मंडल के गुना, अशोकनगर और सागर स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश के यात्रियों को झारखंड और उत्तर प्रदेश की ओर जाने के लिए अतिरिक्त सीट उपलब्ध हो सकेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के अनुसार, यह ट्रेन दोनों दिशाओं में 13-13 ट्रिप लगाएगी। इसमें 4 सामान्य श्रेणी, 5 शयनयान श्रेणी, 2 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 7 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी इकॉनॉमी व 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी सहित कुल 22 डिब्बे होंगे।
सुबह 6:45 व रात 11:50 बजे आएगी सागर : गाड़ी संख्या 09821 (सोगरिया-धनबाद) स्पेशल ट्रेन 16 अप्रैल से 9 जुलाई तक प्रत्येक गुरुवार को सोगरिया से रात 11.10 बजे प्रस्थान कर गुना, अशोकनगर रुकते हुए सुबह 5:35 - बजे सागर, सुबह 6:45 बजे दमोह रुकते हुए शुक्रवार-शनिवार की रात 3.45 बजे धनबाद जंक्शन पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09822 (धनबाद-सोगरिया) स्पेशल ट्रेन 18 अप्रैल से 11 जुलाई तक प्रत्येक शनिवार को धनबाद जंक्शन से सुबह 5.15 बजे प्रस्थान कर रात 22:30 बजे दमोह, रात 11:50 बजे सागर रुकते हुए अगले दिन सुबह 7.35 बजे सोगरिया स्टेशन पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन का रास्ते में दोनों दिशाओं में सोगरिया, बारां, सालपुरा, छबड़ा गुगोर, रुठियाई जंक्शन, गुना, अशोक नगर, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, मैहर, सतना, मानिकपुर जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, गया जंक्शन, कोडरमा, पारसनाथ, एनएससी बोस जंक्शन गोमो स्टेशनों पर ठहराव होगा