Sagar- डिंपल पेट्रोल पंप के पास दो साल से कागजो में अटका ROB का कार्य, 20 करोड़ से होना है निर्माण
सागर से बीना-कटनी रेलवे ट्रैक का एक बड़ा हिस्सा गुजरता है, जिस पर सागर जिले में लगभग 14 रेलवे फाटक हैं. ट्रेनों के गुजरने पर फाटकों के खुलने-बंद होने के कारण लोगों का खासा समय बर्बाद होता है. ईंधन की बर्बादी होती है और कई बार दुर्घटनाएं भी सामने आई हैं. इन सभी समस्याओं को खत्म करने और सरल सीधा आवागमन देने के लिए आधा दर्जन से अधिक जगहों पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है. लेकिन, रेलवे गेट नंबर-25 पर 2 साल पहले स्वीकृति मिलने के बाद भी यहां काम शुरू नहीं हो सका है. जिसकी वजह से लोगो के समय की बर्बादी होती है, या 2 ढाई किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है,
बता दें कि 20 करोड़ की लागत से रेलवे गेट नंबर-25 पर जिस ओवरब्रिज का निर्माण किया जाना है, वह जमीन कैंट क्षेत्र में आती है और इसकी परमिशन रक्षा मंत्रालय से लेनी होगी. लेकिन, पिछले 2 साल से फाइल अटकी हुई है. सागर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे फाटक होने की वजह से यह लगभग हर समय बंद ही रहता है. ऐसे में वाहन चालकों को लंबे समय तक खड़े होकर फाटक खुलने का इंतजार करना पड़ता है.