सोते रहे घरवाले, चोर ले उड़े लाखों के जेवर ! FIR में सिर्फ 90 हजार… पीड़ित ने उठाए सवाल
मध्य प्रदेश के सागर संभाग के छतरपुर जिले के बड़ामलहरा क्षेत्र से एक चौंकाने वाली चोरी की वारदात सामने आई है, जहां घर के लोग गहरी नींद में सोते रहे और चोर लाखों का माल साफ कर फरार हो गए। मामला बमनोरा थाना क्षेत्र के ग्राम कचरा का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोरों ने इतनी सफाई से चोरी की कि घर में मौजूद लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। पीड़ित हल्लन यादव के मुताबिक, वे रात करीब 10 बजे सो गए थे, जबकि बच्चे देर रात तक मोबाइल चलाते रहे और करीब साढ़े 12 बजे के बाद सभी सो गए। इसी दौरान चोर घर में घुस आए और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह जब पड़ोसियों ने उन्हें घर के पीछे नाले के पास बुलाया, तो वहां उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक से जुड़े दस्तावेज बिखरे पड़े मिले। यह देखकर वे सन्न रह गए। जब घर के अंदर जाकर देखा, तो कमरे का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी में रखे जेवरात और नकदी गायब थी। पीड़ित के अनुसार, चोर करीब 200 ग्राम सोने के जेवर, 3 किलो चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपए नगद लेकर फरार हो गए। हालांकि, पीड़ित ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इतनी बड़ी चोरी के बावजूद एफआईआर में केवल 90 हजार रुपए की चोरी दर्ज की गई है, जो वास्तविक नुकसान से काफी कम है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी शिशिर तिवारी ने बताया कि फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, इस घटना ने न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी नई बहस छेड़ दी है।