सागर- राहतगढ़ में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन! प्रशिक्षण महाअभियान में गूंजा प्रथम राष्ट्र’ का संदेश
सागर जिले के राहतगढ़ में भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान शानदार तरीके से संपन्न हुआ। इस दौरान प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और राष्ट्रवाद पर जोर दिया। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा का विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनना कोई संयोग नहीं, बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं के अनुशासन, धैर्य और अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है, जो निस्वार्थ भाव से समाज और राष्ट्र की सेवा में जुटा हुआ है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जिसका मूल मंत्र “प्रथम राष्ट्र” है। यही सोच भाजपा को अन्य दलों से अलग पहचान दिलाती है। राजपूत ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं और संगठन को और मजबूत बनाएं। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को भाजपा की कार्यशैली का आधार बताया।
इस प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया, एआई तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक डॉ. विनोद पंथी, पूर्व जिला अध्यक्ष हरीराम सिंह, गौरव सिरोठिया, डॉ. सुखदेव मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने-अपने विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। शिविर के समापन पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कुल मिलाकर यह प्रशिक्षण शिविर संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने वाला साबित हुआ।