Sagar - पुलिस को साथ में लेकर पहुंचे महेश जैन बिलहरा और उनके बेटे ने दिखाए हथियार
सागर के बम्होरी बीका में बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर महेश जैन बिलहरा और स्थानीय कुचबंदिया परिवार के बीच शुक्रवार की शाम विवाद हो गया। शाम करीब 5 बजे जब दोनों पक्ष आमने-सामने आए, तो महेश जैन बिलहरा और उनके समर्थक ने रिवाल्वर और राइफल निकाल ली। जब दोनों पक्षों में जुबानी जंग चल रही थी, तब मौके पर सिविल लाइन पुलिस भी मौजूद थी। कुचबंदिया परिवार ने आरोप लगाया कि बिलहरा और उनके लोगों ने पुलिस के सामने रिवॉल्वर और राइफल लहराकर धमकाया। उन्होंने कहा कि बाउंड्रीवाल निर्माण के कारण उनका घर से बाहर निकलने का रास्ता बंद हो रहा था, इसलिए वे विरोध कर रहे थे। वहीं महेश बिलहरा का कहना है कि कुचबंदिया परिवार हमेशा की तरह महिलाओं व बच्चों के साथ बड़ी संख्या में पत्थर लेकर आ गए थे, जिसके कारण रिवॉल्वर निकालनी पड़ी।
बम्होरी बीका में महेश जैन बिलहरा की लगभग 10 एकड़ जमीन है। उनकी जमीन के पास कुचबंदिया परिवार का घर है। एनएच निर्माण कार्य के चलते कुचबंदिया परिवार के घर के सामने से निकासी बंद हो गई है। ऐसे में वे महेश जैन की जमीन से होकर निकलते थे। महेश जैन बिलहरा के अनुसार करीब एक सप्ताह से भूमि सीमांकन को लेकर विवाद चल रहा था। वे अपनी जमीन पर बाउंड्रीवाल का निर्माण करा रहे हैं। जगत कुचबंदिया ने पहले उनकी जमीन से निकासी की अनुमति मांगी थी, जिस पर महेश ने अस्थाई रूप से अनुमति दे दी थी
बम्होरी बीका में दोनों पक्षों के मौके पर पहुंचते ही सिविल लाइन पुलिस भी पहुंच गई थी। डायल-112 टीम भी वहां पर मौजूद थी। जैसे-जैसे विवाद बढ़ा, थाने से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। इसके बावजूद महेश जैन व उनके समर्थक ने रिवॉल्वर और राइफल निकाल ली। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई। देर शाम दोनों पक्ष सिविल लाइन थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायती आवेदन दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत सुनने के बाद उनके आवेदन ले लिए, लेकिन कोई भी मामला दर्ज नहीं किया गया