सागर- भारी वाहन ने 17 साल के युवक की जान ले ली,सड़क पर जनाजा रखकर चक्काजाम ! | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के बीना में अचानक से सड़क थम गयी। लोगों की आवाजाही बंद हो गयी। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ सड़कों पर जमा थी। लोगों में आक्रोश था। साथ ही एक युवक का जनाजा भी सड़क पर रखा हुआ था। इस दौरान करीब एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गयी। दरअसल ट्रक की चपेट में आने से एक 17 साल के युवक की जान चली गयी थी। जिससे नाराज़ लोगों ने झांसी ओवरब्रिज पर चक्काजाम किया। सूचना मिलने के बाद विधायक निर्मला सप्रे समेत प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी। घटना स्टेशन रोड पर हुई थी। नगर में भारी वाहन लगातार हादसों का सबब बन रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक 17 साल के अफजल खान ने दुर्घटना में दम तोड़ दिया था। जिसके बाद दिव्यांग पिता और भाई ने समाजजनों के साथ सड़क पर डेड बॉडी रखकर चक्काजाम कर दिया। लोगों की मांग थी कि शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार हेमराज मेहर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन मृतक के परिजन और वहां मौजूद लोग लिखित आश्वासन की मांग की। इसके बाद विधायक और एसड़ीएम को मौके पर बुलाने पर अड़ गए। कुछ ही देर में विधायक निर्मला सप्रे और नगर पालिका उपाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया की उनकी मांगें पूरी करेंगे।
लोगों ने मृतक के बड़े भाई के लिए नगर पालिका में नौकरी, परिवार और दिव्यांग पिता की देख रेख के लिए मुआवजे की मांग की। लोगों का कहना था की किसी भी स्थिति में भारी वाहनों की आवाजाही बंद होनी होनी चाहिए। विधायक ने आश्वासन दिया कि प्रशासन से बात करके नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाएंगे। अब कोई जोखिम नहीं लिया जा सकता लोगों की जानें जा रहीं हैं। यह काम प्राथमिकता से करेंगे। उन्होंने पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये संबल योजना के तहत और विधायक निधि से एक लाख रुपये की सहायता के अलावा नगर पालिका में बड़े भाई को नौकरी देने का आश्वासन दिया। इसके बाद चक्काजाम ख़त्म हुआ।
भारी वाहनों की वजह से लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया। विधायक, एसडीएम और एसडीओपी ने संयुक्त रूप से गांधी तिराहा और सर्वोदय चौराहा समेत प्रमुख हादसा संभावित जगहों का जायजा लिया। प्रशासन ने भारी वाहनों को शहर के बाहर से डायवर्ट करने रूट चार्ट तैयार करने का निर्णय लिया है। जिस पर निगरानी बरतते हुए इस पर सख्ती से पालन कराने की तैयारी है।