सागर-बीना हाईवे पर हंगामा, शव रखकर चक्का जाम, परिजनों का आरोप, हादसा नहीं, बेटी की हत्या
सागर-बीना नेशनल हाईवे पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। मामला सागर जिले के जरुवाखेड़ा क्षेत्र का है, जहां शुक्रवार को हुए एक सड़क हादसे में युवती की मौत हो गई थी, लेकिन अब इस घटना ने नया मोड़ ले लिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही युवती का शव घर पहुंचा, परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने साफ तौर पर कहा—ये हादसा नहीं, हत्या है। इसी आरोप के साथ परिवार और स्थानीय लोग नेशनल हाईवे पर बैठ गए और सड़क जाम कर दी।
करीब 2 घंटे तक चले इस चक्का जाम के कारण सागर-बीना मार्ग पर दोनों तरफ करीब 2-2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सैकड़ों वाहन फंस गए और तेज गर्मी के बीच यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने प्रशासन के सामने 6 बड़ी मांगें रखीं, जिन्होंने सभी को चौंका दिया। इनमें 4 एकड़ जमीन, एक सरकारी नौकरी, 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, पक्का मकान, सुरक्षा के लिए लाइसेंसी बंदूक और आरोपी के मकान को जमींदोज करने की मांग शामिल है।
मौके पर पहुंचे SDOP राहतगढ़ और तहसीलदार नरयावली ने स्थिति को संभालने की कोशिश की। पुलिस बल की मौजूदगी में अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे बाद जाम खुलवाया गया और यातायात बहाल किया जा सका। फिलहाल मामला बेहद संवेदनशील बना हुआ है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि अगर जांच हत्या के एंगल से नहीं हुई, तो वे फिर से बड़ा आंदोलन करेंगे। अब सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या ये महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है? जवाब आने वाले दिनों में जांच के बाद ही सामने आएगा।