सागर में ऐतिहासिक पल, संत शिरोमणि सेन महाराज की प्रतिमा का अनावरण, सेन चौराहा का भव्य नामकरण
सागर शहर में शनिवार का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया, जब सेन समाज के आराध्य संत शिरोमणि सेन जी महाराज की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। इसके साथ ही एमएलबी स्कूल के पास स्थित चौराहे का नामकरण ‘सेन चौराहा’ के रूप में किया गया, जिससे पूरे समाज में उत्साह की लहर दौड़ गई। इस गरिमामयी आयोजन में सागर की महापौर संगीता सुशील तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर प्रतिमा का अनावरण किया। जैसे ही प्रतिमा से पर्दा हटा, वहां मौजूद सैकड़ों लोगों ने जयकारों के साथ इस ऐतिहासिक क्षण का स्वागत किया।
कार्यक्रम में सर्वसेन समाज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोरेलाल लाल सेन, महिला अध्यक्ष, नव-निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष गणेश सेन, प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष किशन सेन, प्रदेश महामंत्री मयंक सेन, संभागीय मीडिया प्रभारी सतीष सेन सहित कई गणमान्य लोग और समाज के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। यह मांग लंबे समय से सेन समाज द्वारा की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है। समाज के लोगों ने इसे अपनी सांस्कृतिक पहचान और सम्मान से जोड़ते हुए महापौर संगीता तिवारी और प्रदेश भाजपा पैनलिस्ट रिशांक तिवारी का आभार व्यक्त किया।
महापौर संगीता तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि सागर शहर की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजना और समाज के महापुरुषों को सम्मान देना उनकी प्राथमिकता है। वहीं, रिशांक तिवारी ने भी इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। इस आयोजन ने न सिर्फ सेन समाज को गौरवान्वित किया, बल्कि सागर शहर की सांस्कृतिक पहचान को भी नई दिशा दी है। अब ‘सेन चौराहा’ शहर की पहचान का एक नया केंद्र बनेगा, जहां आने वाली पीढ़ियां संत शिरोमणि सेन महाराज के आदर्शों से प्रेरणा लेंगी।