सागर के मोतीनगर थाने में हाई वोल्टेज ड्रामा, किन्नरों के दो गुट भिड़े, थाने के अंदर चली चप्पलें
सागर शहर के मोतीनगर थाने में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब किन्नर समाज के दो गुट आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते थाना परिसर ही जंग का मैदान बन गया। गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया और हालात इतने बिगड़ गए कि एक-दूसरे पर चप्पलें तक चलने लगीं। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, संध्या किन्नर अपने साथियों के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंची थीं। उनका आरोप है कि रविवार दोपहर वे काकागंज वार्ड में बधाई लेने गई थीं, जहां उन्हें पता चला कि काजल किन्नर पहले ही बधाई लेकर जा चुकी है।
वापसी के दौरान रास्ते में काजल किन्नर और उसके साथी गोलू भाई जान से उनका सामना हुआ। संध्या का आरोप है कि दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट की। इस झड़प में उनके साथियों को भी चोटें आईं, वहीं धक्का-मुक्की के दौरान उनके गले के सोने के जेवर भी गिर गए, जो अब तक नहीं मिल सके हैं। इसी शिकायत को लेकर जब संध्या किन्नर थाने पहुंचीं, तभी दूसरा पक्ष भी वहां आ गया। दोनों गुट जैसे ही आमने-सामने आए, विवाद फिर भड़क उठा और थाने के अंदर ही जमकर हंगामा शुरू हो गया। पुलिस के सामने ही चप्पलों से हमला और धक्का-मुक्की होती रही।
हालात बेकाबू होते देख पुलिसकर्मियों ने पहले समझाने की कोशिश की, लेकिन जब दोनों पक्ष नहीं माने, तो सख्ती दिखानी पड़ी। इसके बाद जाकर मामला शांत हुआ। पुलिस ने संध्या किन्नर की शिकायत पर काजल किन्नर और उसके साथी गोलू भाई जान के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब सवाल यह है कि जब कानून के रखवालों के सामने ही इस तरह का हंगामा हो सकता है, तो आम जगहों पर सुरक्षा का क्या हाल होगा?