सागर में बढ़ी तपिश, पारा 38 डिग्री के पार, रातें भी हुईं गर्म, 15 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत
सागर में अब गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अप्रैल के शुरुआती दिनों में ही तापमान 38 डिग्री के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जबकि न्यूनतम तापमान में 4.8 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया है। रविवार को सागर का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, एक दिन पहले यानी शनिवार को अधिकतम तापमान 37.6 और न्यूनतम 19 डिग्री था।
सुबह 9 बजे से ही सूरज की तेज तपन लोगों को परेशान करने लगी। दोपहर होते-होते हालात ऐसे हो गए कि सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा। लोग जरूरी काम के लिए ही घर से बाहर निकल रहे हैं और धूप से बचने के लिए चेहरे ढककर या छाता लेकर चल रहे हैं। गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को सलाह दी गई है कि दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और खुद को हाइड्रेट रखें। खासकर दोपहर के समय तेज धूप में निकलने से बचें।
इसके साथ ही हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है, क्योंकि वे गर्मी के प्रभाव से जल्दी प्रभावित हो सकते हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 15 अप्रैल से एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव हो सकता है, जिससे तापमान में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि तब तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम ही नजर आ रहे हैं। फिलहाल सागर में गर्मी का यह बढ़ता प्रकोप लोगों के लिए चुनौती बनता जा रहा है, और आने वाले दिनों में यह और तीखा हो सकता है।