सागर में किन्नर समाज में विवाद बढ़ा, मारपीट, धमकी और कब्जे के आरोप, बड़ी चेतावनी
सागर में किन्नर समाज के दो पक्षों के बीच विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। एक पक्ष ने मारपीट, जबरन कब्जा और जान से मारने की धमकी के आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला, तो वे बड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगे। दरअसल सागर के मोतीनगर थाना में पहुंची पीड़िता किरन नायक का आरोप है कि वे अपने पूर्वजों द्वारा सौंपे गए मकान में अपने चेले-नातियों के साथ वर्षों से निवास कर रही हैं। लेकिन 12 अप्रैल को गोलू हाजी और उनके साथ करीब 20 लोगों ने पुलिस के साथ आकर उन्हें थाने बुलाया।
आरोप है कि मोतीनगर थाना परिसर में ही दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और गोलू हाजी व उनके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए चप्पलों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस मारपीट में कई लोग घायल हुए, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी रही। पीड़ित पक्ष का यह भी कहना है कि थाने से लौटते समय भी उनके ऊपर पत्थर फेंके गए और लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उनका आरोप है कि बाहरी लोग सागर की बस्तियों पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और पारंपरिक रूप से मिले अधिकारों को छीनना चाहते हैं।
मामले में यह भी सामने आया है कि इतवारी टौरी और गमकोटा क्षेत्र में रहने वाले अन्य किन्नर परिवार भी इस विवाद से प्रभावित हैं और भय के माहौल में जी रहे हैं। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने पहले भी कई बार प्रशासन को शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सामूहिक आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाएंगे। फिलहाल, यह मामला संवेदनशील बना हुआ है और प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।