Sagar- बाघराज मंदिर पर रहली से सागर आया शातिर चोर, मंदिर में दानपेटी तोड़ते रंगेहाथ गिरफ्तार !
सागर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां आस्था के केंद्र बने मंदिर को निशाना बनाकर चोरी करने पहुंचे एक शातिर चोर को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। खास बात ये है कि आरोपी चोरी करने के लिए रहली से सागर आया था। मामला मोतीनगर थाना क्षेत्र के बाघराज वार्ड के पंडापुरा स्थित हरसिद्धि देवी मंदिर बाघराज का है। जानकारी के मुताबिक, तड़के करीब 4 बजे एक 20 वर्षीय युवक मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुस गया। इसके बाद उसने दानपेटी का ताला तोड़ने की कोशिश शुरू कर दी। लेकिन तभी घटनास्थल पर ऐसा मोड़ आया, जिसने पूरे घटनाक्रम को बदल दिया।
दरअसल, उसी समय मंदिर के पुजारी पुष्पेंद्र उर्फ प्रेमप्रकाश पाठक मंदिर पहुंचे। जैसे ही उनकी नजर चोर पर पड़ी, उन्होंने बिना देर किए पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही गश्त पर मौजूद एसआई गोकुल प्रसाद पांडेय मौके पर पहुंचे और तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को धरदबोचा। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान बिट्टू उर्फ राजेश रैकवार 20 साल निवासी वार्ड क्रमांक-11, रहली के रूप में हुई है। आरोपी ने कबूल किया कि वह चोरी की नीयत से ही सागर आया था। तलाशी के दौरान उसके पास से 410 रुपए नकद, एक पीतल की घंटी और वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड बरामद की गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और अब उससे अन्य चोरियों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। इस पूरे मामले पर मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर है और पहले भी चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई और चोरियों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल, पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टल गई और मंदिर में होने वाली चोरी को समय रहते नाकाम कर दिया गया।