फैक्ट्री में 3 धमाके, 1 किमी तक गूंजी आवाज, गांवों में दहशत का माहौल ! और फिर
एमपी के धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र से आज एक बड़ी घटना सामने आई, जहां सेक्टर नंबर-2 स्थित रामकी एनवायरो कंपनी में एक के बाद एक तीन जोरदार धमाके हुए। इन विस्फोटों से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि करीब एक किलोमीटर दूर तक गूंज सुनाई दी। धमाकों की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पास के तारपुरा और बजरंगपुरा गांवों में लोगों ने झटके महसूस किए। कई घरों में बर्तन और टीवी तक स्टैंड से नीचे गिर गए, जिससे लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। नगर पुलिस अधीक्षक रवि सोनेर ने बताया कि जैसे ही रामकी कंपनी में ब्लास्ट की सूचना मिली, टीम को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम धमाकों के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि रामकी एनवायरो कंपनी पहले भी विवादों में रही है। पिछले साल भोपाल गैस कांड से जुड़े जहरीले कचरे के निपटान को लेकर यह कंपनी सुर्खियों में आई थी। ऐसे में एक बार फिर इस तरह के धमाकों ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी डर और नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा इंतजामों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही धमाकों के पीछे की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।