दो महिला पार्षदों के खिलाफ थाने पर FIR दर्ज! वंदे मातरम विवाद ने लिया कानूनी मोड़ | SAGAR TV NEWS |
एमपी के इंदौर में ‘वंदे मातरम’ गान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। नगर निगम के बजट सत्र में वंदे मातरम का विरोध करने के मामले में एमजी रोड थाने में कांग्रेस की दो महिला पार्षदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह पूरा मामला 8 अप्रैल का बताया जा रहा है, जब नगर निगम के बजट सम्मेलन के दौरान वंदे मातरम गान को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। आरोप है कि कांग्रेस पार्षद रुबीना इकबाल खान और फौजिया शेख अलीम ने गान का विरोध किया था।
एमजी रोड थाना पुलिस ने इस मामले में दोनों पार्षदों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि इन धाराओं के तहत मामला गंभीर माना जाता है और ये गैर-जमानती श्रेणी में आती हैं। सूत्रों के मुताबिक, दोनों पार्षदों ने अपने विरोध के पीछे धार्मिक आधार का हवाला दिया था। उनका कहना था कि इस्लाम में किसी अन्य धर्म के प्रतीक या गान का गुणगान करने की अनुमति नहीं है। इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया।
वहीं बीजेपी पार्षद दल ने इस पूरे मामले पर कड़ा विरोध जताते हुए संभागायुक्त और एमजी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों पार्षदों को थाने बुलाकर करीब चार-चार घंटे तक अलग-अलग पूछताछ की। इस मामले में निगम सभापति मुन्नालाल यादव समेत बीजेपी पार्षदों ने भी अपने बयान पुलिस के सामने दर्ज कराए हैं। एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पक्षों के बयान व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, दोनों पार्षदों पर दर्ज धाराओं को देखते हुए उनकी गिरफ्तारी की संभावना भी जताई जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम ने शहर की राजनीति को गरमा दिया है और आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।