सागर- मंत्री ने वीडियो कॉल कर दी बधाई, सुरभि-प्रियांशी ने मेरिट में जगह बनाकर बढ़ाया सागर का मान !
मध्यप्रदेश बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजों में इस बार बुंदेलखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया है। सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र से दो होनहार छात्राओं ने प्रदेश की मेरिट सूची में जगह बनाकर पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। बिलहरा गांव की छात्रा सुरभि पटेल ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में गणित संकाय से 486 अंक हासिल कर प्रदेश में 7वां स्थान प्राप्त किया है। वहीं, जैसीनगर की सरस्वती शिशु मंदिर की छात्रा प्रियांशी शुक्ला ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 500 में से 492 अंक हासिल कर प्रदेश में 8वां स्थान प्राप्त किया है।
ग्रामीण परिवेश से आने वाली इन दोनों बेटियों की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है। गांव में जश्न का माहौल है और हर कोई इनकी सफलता को प्रेरणादायक बता रहा है। दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्रदेश के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भी उन्हें बधाई दी। उन्होंने भोपाल से ही वीडियो कॉल के जरिए सुरभि पटेल से बात कर उनकी मेहनत की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मंत्री ने कहा कि यह सफलता पूरे बुंदेलखंड के लिए गर्व की बात है और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
सुरभि और प्रियांशी की सफलता यह साबित करती है कि अगर लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत हो, तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते। इन बेटियों ने यह भी दिखा दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो सिर्फ सही मार्गदर्शन और मेहनत की। आज सुरखी क्षेत्र की ये दोनों बेटियां न केवल अपने परिवार का नाम रोशन कर रही हैं, बल्कि पूरे प्रदेश में बेटियों के सशक्तिकरण की मिसाल बनकर उभरी हैं।