Sagar- मड़खेड़ा धाम का चमत्कार ! जो बच्चा चल नहीं पाता था, अब दौड़ने लगा
आस्था और विश्वास की ताकत क्या कर सकती है, इसका एक अनोखा उदाहरण सागर जिले के खुरई क्षेत्र से सामने आया है। यहां मड़खेड़ा धाम के सिद्ध हनुमान मंदिर में एक ऐसा दावा किया जा रहा है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है।
राहतगढ़ से करीब 13 किलोमीटर दूर विदिशा रोड पर स्थित मीरखेड़ी गांव का मड़खेड़ा धाम इन दिनों चर्चाओं में है। यहां हर मंगलवार को लगने वाले दरबार में दूर-दूर से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं और दावा किया जाता है कि उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
इसी दरबार से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां राहतगढ़ की एक महिला अपने उस बच्चे को लेकर पहुंची थी, जो चल नहीं पाता था। मां ने दरबार में अपनी समस्या बताई, जिसके बाद पंडित पवन पराशर ने उसे लगातार सात मंगलवार तक दरबार में पेशी देने और प्रार्थना करने की सलाह दी।
महिला ने पूरे विश्वास और श्रद्धा के साथ सात मंगलवार तक दरबार में हाजिरी लगाई। बताया जा रहा है कि सातवीं पेशी के बाद उस बच्चे की स्थिति में सुधार हुआ और जो बच्चा पहले चल नहीं पाता था, वह अब दौड़ने लगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। मड़खेड़ा धाम में हर मंगलवार को ऐसे कई “चमत्कार” देखने को मिलते हैं, जहां लोगों की समस्याएं दूर होने का दावा किया जाता है।
यह दरबार दोपहर 11 बजे से शुरू होता है, जहां श्रद्धालु अपनी-अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं। यहां सिद्ध संत मौनी बाबा की प्रेरणा और हनुमान जी की कृपा का विशेष महत्व बताया जाता है।
हालांकि ऐसे मामलों को लेकर अलग-अलग मान्यताएं और विचार हो सकते हैं, लेकिन मड़खेड़ा धाम में उमड़ रही भीड़ यह जरूर बताती है कि लोगों की आस्था और विश्वास आज भी अटूट है।