सागर- नई कलेक्टर का जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण, लापरवाह डॉक्टरों पर एक्शन | SAGAR TV NEWS |
सागर में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानने के लिए कलेक्टर प्रतिभा पाल अचानक जिला अस्पताल पहुंच गईं। इस औचक निरीक्षण ने जहां अस्पताल स्टाफ में हड़कंप मचा दिया, वहीं व्यवस्थाओं की पोल भी खोल दी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के ओटी, इमरजेंसी, आईसीयू, एचडीयू और एसएनसीयू सहित विभिन्न वार्डों का बारीकी से जायजा लिया। जनरल और पीडियाट्रिक वार्ड में पहुंचकर उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत की और इलाज, दवाइयों व सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया।
एसएनसीयू और पीडिया वार्ड में कलेक्टर का संवेदनशील रूप भी देखने को मिला। उन्होंने नवजात शिशुओं को दुलारा और उनके स्वास्थ्य की जानकारी डॉक्टरों से ली। वहीं प्रसूति वार्ड में भर्ती महिलाओं से पूछा—“कोई दिक्कत तो नहीं?”—और इलाज, भोजन व योजनाओं के लाभ को लेकर जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कई खामियां भी सामने आईं। अस्पताल के कई हिस्सों में कबाड़ जमा मिला, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए तत्काल उसे हटाने और निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
सबसे बड़ी कार्रवाई उस वक्त हुई, जब ड्यूटी रोस्टर के बावजूद कुछ डॉक्टर अपने स्थान पर मौजूद नहीं मिले। खासतौर पर प्रसूति वार्ड में शाम के राउंड के दौरान डॉक्टर की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया और संबंधित डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। 24 घंटे में जवाब देने के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर ने साफ शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीज दूर-दराज से उम्मीद लेकर आते हैं और उन्हें बेहतर इलाज मिलना ही चाहिए। इस निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। फिलहाल, कलेक्टर की इस कार्रवाई से अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद बढ़ गई है।