सागर- वन विभाग की जमीन पर अतिक्रमण की कोशिश, JCB से हो रही थी खुदाई, मशीन जप्त | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के गौरझामर क्षेत्र से वन विभाग की जमीन पर अतिक्रमण किये जाने का मामला सामने आया है। जहां जेसीबी मशीन की मदद से जमीन को साफ़ और खुदाई की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कार्यवाई करते हुए मशीन को जप्त कर लिया। बताया जा रहा है की गोपालपुरा गांव के हथखोह में पीएफ 958 क्षेत्र में अतिक्रमण किया जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गौरझामर वन परिक्षेत्र अधिकारी दीपांकर सिंह ने टीम गठित करते हुए मौके पर भेजी जिसके बाद कार्यवाई की गयी।
टीम द्वारा मशीन ऑपरेटर से पूछताछ की गई। जिसमें उसने बताया कि हथखोह गांव निवासी मोहन गौंड ने उस जमीन को अपनी निजी भूमि बताकर सफाई कराने के लिए मशीन बुलाई थी। इसी आधार पर खुदाई का काम किया जा रहा था। रेंजर दीपांकर सिंह के मुताबिक वन भूमि पर अतिक्रमण की कोशिश करते हुए जेसीबी मशीन को जब्त कर रेंज कार्यालय में खड़ा कराया गया है। उनका कहना है की मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है साथ ही संबंधित व्यक्ति से जमीन के दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा बताया की वन विभाग इस पूरे मामले की जांच कर रहा है। दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।