सागर में महिला स्वास्थ्य पर मंथन! IMA का राज्य स्तरीय सम्मेलन, विशेषज्ञों ने दिए बड़े सुझाव
सागर में महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य को लेकर एक बड़ा कदम उठाया गया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन यानी IMA सागर शाखा द्वारा दो दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन का भव्य शुभारंभ किया गया, जिसमें प्रदेश भर से नामचीन डॉक्टर, स्वास्थ्य विशेषज्ञ और शोधकर्ता शामिल हुए। 18 और 19 अप्रैल को आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े अहम मुद्दों पर गंभीर चर्चा करना और चिकित्सा क्षेत्र में नए विचारों का आदान-प्रदान करना है। इस दौरान प्रजनन स्वास्थ्य, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, मानसिक स्वास्थ्य, पोषण और स्त्री रोग जैसी गंभीर समस्याओं पर विशेषज्ञों ने विस्तार से चर्चा की।
सम्मेलन में कई वैज्ञानिक सत्र, पैनल डिस्कशन, केस स्टडी प्रेजेंटेशन और इंटरैक्टिव वर्कशॉप आयोजित की जा रही हैं। इन सत्रों में देश-प्रदेश के ख्यातिप्राप्त चिकित्सक अपने अनुभव और नवीनतम शोध साझा कर रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर और प्रभावी बनाने की दिशा में काम हो सके। आईएमए सागर के आयोजन अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य किसी भी समाज की प्रगति की नींव है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब महिलाएं स्वस्थ और सशक्त होंगी, तभी परिवार और समाज का समग्र विकास संभव है।
इस सम्मेलन में खास तौर पर मध्य प्रदेश की महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर फोकस किया जा रहा है। जैसे किशोरियों में कुपोषण, गर्भावस्था की जटिलताएं, स्तन और गर्भाशय कैंसर की समय पर जांच, मानसिक स्वास्थ्य की अनदेखी और कार्यस्थल पर महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याएं। आईएमए सागर शाखा ने सभी डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों, नर्सिंग स्टाफ और सामाजिक कार्यकर्ताओं से इस सम्मेलन में भाग लेने की अपील की है, ताकि महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर जागरूकता और सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें। यह सम्मेलन न केवल चिकित्सा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि समाज में महिला स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम माना जा रहा है।