रफ्तार का क हर ! खड़े ट्रक में घुसा डंपर, और फिर एक पहुंचा अस्पताल
एमपी के जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जिसने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया। नागा घाटी के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक अपनी गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर टायर ठंडा कर रहा था। तभी अचानक पीछे से तेज गति में आ रहे डंपर ने नियंत्रण खो दिया और सीधे ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन डंपर में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस घटना ने नागा घाटी क्षेत्र में बेलगाम दौड़ रहे भारी वाहनों की रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में आए दिन तेज रफ्तार डंपर और ट्रकों के कारण हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।
ग्राम पंचायत के सरपंच आशीष कुमार शुक्ला ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में भारी वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उनका कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।