Sagar - आखिर थम गया मुक्तिधाम का विवाद,तहसीलदार ने जूस पिलाकर ख़त्म करवाई भूख हड़ताल
सागर जिले के देवरी में जिस मामले को लेकर हो हल्ला मचा हुआ था वह शांत होता हुआ दिखाई दे रहा है। मुक्तिधाम को लेकर लोगों द्वारा अनशन किया जा रहा था। जो आखिरकार 76 घंटे के बाद ख़त्म हो सका। जी हाँ मांगों पर सहमति बनी जिसके बाद तहसीलदार ने जूस पिलाकर भूख हड़ताल को ख़त्म करवाया।
बता दें की देवरी के संगम घाट मुक्तिधाम विवाद में चल रही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल 76 घंटे बाद समाप्त हो गई। तहसीलदार प्रीति रानी चौरसिया ने धरना स्थल पहुंचकर सत्याग्रही राजा गुप्ता को जूस पिलाकर अनशन ख़त्म कराया। इस दौरान तहसीलदार ने आंदोलनकारियों की 4 सूत्रीय मांगों पर सहमति जताते हुए साफ़ किया कि समिति को निर्माण कार्य शुरू करने के लिए प्रशासन को विधिवत आवेदन करना होगा। जिसकी जांच के बाद ही निर्माण कार्य शुरू करने की अनुमति दी जाएगी। वही अभी औपचारिक रूप से कार्य शुरू करने की अनुमति दी गई है।
गौरतलब है कि झुनकू वार्ड स्थित मुक्तिधाम में बीते 4 अप्रैल को जनसहभागिता से चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य को भाजपा मंडल अध्यक्ष की शिकायत पर प्रशासन ने अतिक्रमण बताकर रोक दिया था और बुलडोजर कार्रवाई में निर्माणाधीन फाउंडेशन को ध्वस्त कर दिया गया था। इसके विरोध में 10 दिनों तक मौन जुलूस, ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन, क्रमिक भूख हड़ताल के बाद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रही। आखिरकार प्रशासन की सहमति के बाद आंदोलन समाप्त हुआ। इस पूरे आंदोलन में नागरिकों का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से भरपूर समर्थन रहा। सफलता के बाद नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अलकेश जैन ने सभी आंदोलनकारियों का आभार जताया, वहीं पार्षद त्रिवेंद्र जाट ने इसे जनसहभागिता की जीत बताया। अब प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुक्तिधाम में सौंदर्यीकरण कार्य दोबारा शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।