Sagar- माँ ने की मिन्नतें, तुम्हारे पैर पड़ते हैं बेटी को देख लो,लेकिन कोई नहीं आया और गर्भवती बेटी चल बसी !
मैडम तुम्हारे पैर पड़ते हैं। जाओ बस बेटी को देख लो उसे क्या हो रहा है। ये शब्द उस माँ के हैं जिसने अपनी आँखों के सामने ही अपनी गर्भवती बेटी को तड़पते हुए देखा और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। घटना सागर के बीएमसी से सामने आई है। जहां सिस्टम पर फिर एक बार गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गयी। जहां परिजनों ने लापरवाही किये जाने के आरोप लगाए हैं। जिसके बाद बीएमसी में हंगामा हो गया। परिजन मामले में न्याय की बात करते हुए, कार्यवाई किये जाने की मांग कर रहे हैं।
मृतका की पहचान 30 साल की संध्या अहिरवार के रूप में हुई है। जिसे बीते 17 तारीख को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का ऐसा आरोप है की अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ पर 50 हजार रुपये की मांग करने का भी आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पैसे नहीं देने पर समय पर ऑपरेशन नहीं किया गया। जिससे महिला की हालत बिगड़ती चली गई।
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 5 बजे संध्या की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। खबर लिखे जाने तक बीएमसी प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
मृतिका की माँ का कहना है की स्टाफ द्वारा इंजेक्शन लगाया गया जिसके बाद बेटी की तबियत बिगड़ती चली गयी। उन्होंने स्टाफ से उसकी बेटी को देखने की बात कही लेकिन कोई नहीं आया। कुछ देर बाद उसकी जान चली गयी। वहीं मृतिका के परिजनों ने और भी कई आरोप लगाए।------