नशे के नेटवर्क पर बड़ा वार! 5 इंटरस्टेट तस्कर गिरफ्तार, 35 ग्राम स्मैक बरामद और फिर
एमपी के ग्वालियर में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इंटरस्टेट तस्कर गैंग का भंडाफोड़ किया है। जनकगंज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गोल पहाड़िया क्षेत्र में दबिश देकर जयपुर से जुड़े 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 35 ग्राम स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में नशे की बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने रणनीति बनाकर इलाके में घेराबंदी की और जैसे ही संदिग्ध गतिविधि नजर आई, तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस जांच में सामने आया कि जयपुर के शाहपुरा निवासी उमेश कानव इस गिरोह का सरगना है। उसके साथ उसका भाई प्रवीण, कृष्णा सोनी, शादाब और आर्यन वर्मा भी इस अवैध कारोबार में शामिल थे। सभी आरोपी कार से ग्वालियर पहुंचे थे और यूपी के मैनपुरी निवासी सप्लायर यश भागोरिया से स्मैक की डिलीवरी लेने वाले थे। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान सप्लायर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, लेकिन बाकी पांचों तस्कर पकड़े गए। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे यूपी से स्मैक लाकर जयपुर में ऊंचे दामों पर बेचने का काम करते थे और ग्वालियर को ट्रांजिट पॉइंट के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार सप्लायर की तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही इस गिरोह के नेटवर्क को खंगालने के लिए भी जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद साफ है कि ग्वालियर में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान और तेज हो गया है, जिससे शहर में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की उम्मीद बढ़ी है।