विदिशा से लगी आग पहुंची बीना क्षेत्र तक, मच गई अफरा-तफरी, लोगों ने आग बुझाने जी जान लगा दी !
कई बार कुछ लोगों की गलती का खमियाजा काफी सारे लोगों को भुगतना पड़ता है। इसी तरह का नज़ारा सागर जिले के बीना क्षेत्र में भी देखने को मिला। जब विदिशा जिले के कुरवाई क्षेत्र की आग बीना के गोदना गांव के आसपास तक आ पहुंच गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। दमकल की टीम भी समय पर नहीं पहुंच सकी। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है की आग बढ़ते-बढ़ते गोदना से बढ़कर आधा किमी दूर पड़रिया गांव तक पहुंच गई। जो दोनों ही गांवों के चारों तरफ बढ़ती जा रही थी। फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बाद भी जब दमकल समय पर नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने ही इकट्ठा होकर आग बुझाना शुरू कर दिया। जहां कुछ देर बाद आग पर काबू पाया गया।
दरअसल गोदना और पड़रिया गांव में बढ़ती आग से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। लगातार आग बढ़ते देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंच सकी। इसी बीच डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। जहां आरक्षक प्रदीप गोयल और पायलट अजय ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए ग्रामीणों के साथ मिलकर मोर्चा संभाला।
ग्रामीणों ने आपसी समन्वय से ट्यूबवेल चालू किए और अलग-अलग जगहों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया। जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। इस घटना के दौरान दोनों गांवों के लोगों ने एकजुटता दिखाते हुए संकट का सामना किया। हालांकि, समय पर फायर ब्रिगेड के न पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी गई।