ऑनलाइन गेम के कर्ज में डूबी बहन ही निकली मास्टरमाइंड, फर्जी लूट का चौंकाने वाला खुलासा!
एमपी के ग्वालियर में लूट की एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज पांच घंटे में पर्दाफाश कर सबको चौंका दिया। हैरानी की बात यह रही कि जिस युवती ने खुद लूट की शिकायत दर्ज कराई थी, वही इस पूरे मामले की मास्टरमाइंड निकली। पुलिस ने युवती, उसके नाबालिग भाई और उसके दोस्त को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दरअसल, बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के एटीएम तिराहे पर शनिवार दोपहर 25 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात बदमाश स्कूटी से आए और उसके पास से 10 तोला सोने के जेवरों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। युवती ने बताया था कि वह गिरवी रखा सोना छुड़ाकर दूसरी फाइनेंस कंपनी में जमा करने जा रही थी। लूटे गए जेवरों की कीमत 10 से 12 लाख रुपए बताई गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने लगे। इसी दौरान युवती के बयान में कई विरोधाभास सामने आए, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो पूरा मामला सामने आ गया। जांच में खुलासा हुआ कि युवती ऑनलाइन गेम की लत के चलते भारी कर्ज में डूब गई थी। कर्ज चुकाने और बीमा राशि हासिल करने के लिए उसने लूट की झूठी कहानी रची। उसने पहले से ही जेवरों का करीब 5 लाख रुपए का बीमा भी कराया हुआ था।
इतना ही नहीं, इस साजिश को अंजाम देने के लिए युवती ने अपने नाबालिग भाई और उसके दोस्त को शामिल किया। दोनों ने स्कूटी से आकर झपट्टा मारने की नकली वारदात को अंजाम दिया, ताकि मामला असली लगे। पुलिस को युवती की मां के बयान से भी बड़ा सुराग मिला, जिसने पूरे झूठ का पर्दाफाश कर दिया। फिलहाल, पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच तेज कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि ऑनलाइन गेम की लत किस तरह लोगों को अपराध की ओर धकेल रही है।