हजारों महिलाओं का हुंकार, कांग्रेस पर तीखा प्रहार, नारी शक्ति का महाआक्रोश ! | SAGAR TV NEWS |
एमपी के भोपाल की सड़कों पर नारी शक्ति का जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला, जब हजारों महिलाओं ने महिला आरक्षण बिल को लेकर विरोध जताते हुए कांग्रेस और विपक्ष के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा द्वारा आयोजित इस ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ में प्रदेशभर से आई महिलाओं ने काली साड़ी पहनकर अपना विरोध दर्ज कराया।
यह रैली एमवीएम कॉलेज ग्राउंड से शुरू हुई, जिसमें करीब 15 से 25 हजार महिलाओं की भागीदारी बताई जा रही है। महिलाएं हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर नारेबाजी करती हुई आगे बढ़ीं। “नारी शक्ति का अपमान नहीं सहेंगे” और “कांग्रेस ने महिलाओं से किया धोखा” जैसे नारे पूरे शहर में गूंजते रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी रैली में शामिल हुए और महिलाओं के साथ पैदल मार्च किया। मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। सीएम ने कहा कि महिलाएं हर बात भूल सकती हैं, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलतीं। उन्होंने विपक्ष की मानसिकता को कौरवों और दुशासन से जोड़ते हुए महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ बताया।
रैली में कई महिला मंत्री, सांसद और पार्टी की वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहीं। सभी ने एक स्वर में महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष के रुख की आलोचना की और इसे महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर बड़ा ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया जाएगा, जिसमें विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा।
इस विशाल रैली ने यह साफ कर दिया कि महिला आरक्षण का मुद्दा अब सियासी गलियारों में गरमाता जा रहा है। भोपाल की सड़कों पर उमड़ी इस भीड़ ने राजनीतिक माहौल को और भी तेज कर दिया है, और आने वाले समय में इस मुद्दे पर और घमासान देखने को मिल सकता है।