पुलिस को देख डिवाइडर में फंसी कार छोड़कर भागे शराब तस्कर,डेढ़ लाख की शराब जप्त | SAGAR TV NEWS |
अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार से बड़ी मात्रा में शराब को जप्त किया है। जिसकी कीमत एक लाख 60 हजार रूपये आंकी गयी है। तस्कर पुलिस की घेराबंदी के दौरान कार को छोड़कर फरार हो गए। जिसके बाद डिवाइडर में फंसी कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। कार्यवाई छतरपुर जिले की बक्सवाहा पुलिस ने की। जहां मौके से 32 पेटियों में रखे कुल 1600 क्वार्टर देशी मसाला शराब जब्त कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बताया गया की हीरापुर रोड पर पुलिस ने घेराबंदी की थी। जानकारी के मुताबिक 20 अप्रैल की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि हीरापुर की ओर से एक चार पहिया वाहन में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने हीरापुर रोड स्थित डिवाइडर के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक वाहन नहीं रोक सका और कुछ दूरी पर कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कार डिवाइडर में फंसी हुई थी। साथ ही उसके शीशे टूटे हुए थे।
तलाशी लेने पर कार के अंदर पेटियों में अवैध शराब भरी पाई गई। कुल 32 पेटियां बरामद हुईं। पकड़ी गयी कार जबलपुर पासिंग है। थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि पुलिस को पहले ही सूचना मिल गई थी। जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। हालांकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू की है।