पुलिस कस्टडी में मौ त पर बड़ा एक्शन, संदिग्ध की मौ त के बाद 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड, उठे गंभीर सवाल
एमपी के इंदौर से पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। भागीरथपुरा क्षेत्र में पुलिस कस्टडी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय रामजी के रूप में हुई है, जिसे बाइक चोरी के आरोप में हिरासत में लिया गया था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान रामजी ने प्यास लगने की बात कही और बाथरूम जाने की अनुमति मांगी। इसी दौरान उसने कथित तौर पर बाथरूम में रखा फिनाइल पी लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
घटना के बाद पुलिस उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची। बताया जा रहा है कि करीब 7 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पूरे मामले ने नया मोड़ तब लिया जब मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि चौकी के पास ही निजी अस्पताल मौजूद था, फिर भी समय रहते इलाज नहीं कराया गया। अगर तुरंत उपचार मिलता, तो शायद रामजी की जान बच सकती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने भागीरथपुरा चौकी प्रभारी एसआई संजय धुर्वे और सिपाही योगेंद्र कौरव को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। एडीसीपी अमरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इंदौर में पुलिस कस्टडी में मौत के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या यह महज एक हादसा है या सिस्टम की बड़ी चूक? जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।