पत्नी की हत्या, शक बना मौत की वजह, पति समेत 3 गिरफ्तार और फिर
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शक और गुस्से ने एक हंसते-खेलते परिवार को पलभर में उजाड़ दिया। करैरा क्षेत्र में एक पति ने अपनी ही 23 वर्षीय पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति के साथ उसके भाई और भाभी को भी गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, मृतका नंदनी साहू की शादी करीब 5 साल पहले संदीप साहू से हुई थी। दोनों का एक 4 साल का बेटा भी है। लेकिन पिछले कुछ समय से पति को पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसे लेकर आए दिन दोनों के बीच विवाद होता रहता था। घटना से दो दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें पति ने पत्नी का मोबाइल तक तोड़ दिया था।
बताया जा रहा है कि 18 अप्रैल की रात विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पत्नी ने पति को थप्पड़ मार दिया। बस इसी बात से भड़के पति ने पहले बेरहमी से मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के समय घर में देवर और देवरानी भी मौजूद थे। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी पति ने खुद ही मृतका के भाई को फोन कर वारदात की जानकारी दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो नंदनी का शव कमरे में पड़ा मिला, जिस पर चोट और संघर्ष के निशान साफ नजर आ रहे थे।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति, देवर और देवरानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई है और तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि रिश्तों में बढ़ता अविश्वास और गुस्सा किस तरह जानलेवा बनता जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।