नमकीन गोदाम में लगी आग, सवा करोड़ का माल जलकर खाक और फिर
मध्य प्रदेश के सागर संभाग के छतरपुर से एक बड़ी आगजनी की खबर सामने आई है, जहां एक नमकीन गोदाम में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते सब कुछ तबाह कर दिया। पुरानी गल्ला मंडी क्षेत्र में महालक्ष्मी मंदिर के पीछे स्थित इस गोदाम में रविवार रात अचानक आग भड़क उठी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम आग के गोले में तब्दील हो गया। अंदर रखे नमकीन, कुरकुरे, बिस्कुट और टॉफी जैसे ज्वलनशील सामान ने आग को और भयानक बना दिया। लपटें इतनी ऊंची उठ रही थीं कि दूर-दूर तक धुआं और आग का गुबार दिखाई दे रहा था।
गोदाम मालिक राकेश नामदेव ने बताया कि वे शाम करीब 6 बजे गोदाम बंद कर घर चले गए थे। लेकिन करीब 7:40 बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और पूरा गोदाम उसकी चपेट में आ चुका था। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और एक के बाद एक 5 से 6 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा अधिकांश माल जलकर पूरी तरह खाक हो चुका था।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। गोदाम मालिक ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी सतीश सिंह के मुताबिक, गोदाम में करीब 1.25 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान है। इस घटना ने एक बार फिर गोदामों में सुरक्षा और फायर सेफ्टी इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।