सागर में गज़ब हो गया, रातो-रात 34 एकड़ की फसल हो गई चोरी, कलेक्टर से शिकायत | SAGAR TV NEWS |
सागर से एक बेहद ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां एक किसान परिवार की फसल चोरी हो गयी। जिसके बाद अब परिवार न्याय की आस में भटकने को मजबूर है। दबंगों द्वारा एक किसान की 34 एकड़ में खड़ी फसल चोरी होने का आरोप लगाया गया है। यह पूरा मामला राहतगढ़ थाना क्षेत्र के कीटुआ गांव का है। पीड़ित परिवार मामले की शिकायत करने कलेक्टर कार्यालय पहुंचा था।
जानकारी के मुताबिक कीटुआ गांव निवासी किसान पुष्पेंद्र लोधी ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में आवेदन दिया। जिसमें उनका आरोप है कि उसके खेत में लगी गेहूं और चना की पूरी फसल रातों-रात चोरी कर ली गई। किसान ने आरोप लगाया कि पास के ही खेत के मालिक ने मशीनों की मदद से उसकी फसल कटवा ली। पीड़ित का ये भी कहना है कि उसने मेहनत-मजदूरी कर 34 एकड़ में फसल बोई थी। लेकिन सुबह जब वह खेत पर पहुंचा तो वहां कुछ भी नहीं बचा।
किसान के मुताबिक इस मामले की शिकायत उसने संबंधित थाने में भी की, लेकिन वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। न्याय नहीं मिलने पर वह कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचा और अपनी पीड़ा सुनाई। जिस पर प्रशासन ने जांच का आश्वासन दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी और किसान को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।