विश्व प्रसिद्ध मंदिर में आस्था से खिलवाड़, कचरे से उठाकर बेचीं जा रही मालाएं,कई दुकानें सील
देश भर में अपनी आस्था के लिए विख्यात देवी मंदिर से एक हैरान कर देने वाला वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें भगवान को अर्पित की जा चुकी मालाओं को दोबारा से उठाकर दुकान से बेचा जा रहा था। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों की भावनाएं आहत हुई। साथ ही प्रशासन को भी सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। मौके पर पहुंची एसडीएम ने दूकान को सील कर दिया। साथ ही कई दुकानदार अतिक्रमण किये हुए थे। ऐसी दुकानों को भी सील किया गया है। बता दें की यह वायरल वीडियो एमपी के उमरिया जिले की धार्मिक नगरी पाली का है। जहां विश्व विख्यात माता बिरासिनी मंदिर में देश भर से श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं जहां का एक वीडियो इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा गया कि मंदिर परिसर में चढ़ाए गए फूल-माला को एक युवक कचरे से उठाकर मंदिर के सामने संचालित एक दुकान में ले जाकर देता है। हालांकि वीडियो बीते महीने नवरात्रि का बताया जा रहा है। ऐसे में इतने दिनों बाद कार्रवाई होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है और इसे एक बड़ी चूक के रूप में देखा जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पाली एसडीएम मीनाक्षी बंजारे ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिखाई दे रही दुकान को सील कर दिया। यह दुकान अरशद अली की बताई जा रही है। दुकान का सामान भी जब्त किया गया है। इतना ही नहीं, मंदिर परिसर के रास्तों पर अतिक्रमण कर दुकानें चलाने वालों पर भी कार्रवाई करते हुए कई दुकानों को सील कर दिया गया। अब सवाल ये है की क्या केवल दुकानदार ही दोषी है या मंदिर प्रबंधन और सेवा में लगे लोग भी जिम्मेदार हैं ?
एसडीएम मीनाक्षी बंजारे ने इस मामले में साफ़ कहा कि मंदिर में नियुक्त पुजारी-पंडों को भी नोटिस जारी किया जा रहा है। जांच के बाद अगर वे दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी। गौरतलब है कि बीते शनिवार को भी मंदिर ट्रस्ट की दुकानों पर कार्रवाई करते हुए 8 दुकानों को सील किया गया था। सालों से किराया न देने वाले दुकानदारों पर शिकंजा कसते हुए एक ही दिन में 3 लाख 11 हजार रुपये की वसूली भी की गई थी।