एक्सप्रेस ट्रेन की जनरेटर कार से निकला धुआं, स्टेशन पर मची अफरा-तफरी, यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत
भोपाल रेलवे स्टेशन पर एक बहुत बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दरअसल भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस की जनरेटर कार से धुआं निकलने लगा। जिस वजह से स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। और पूरा स्टेशन धुआं-धुआं हो गया। दूर से भी धुंए का गुबार नज़र आ रहा था। इस दौरान यात्रियों को सांस लेने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
यह पूरी घटना भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर हुई। लेकिन धुएं का असर इतना ज्यादा था कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 तक इसका गुबार पहुंच गया। जिससे अन्य प्लेटफॉर्म पर बैठे यात्रियों को सांस लेने लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। जनरेटर कार से अचानक तेज धुआं और हल्की आग की लपटें दिखाई दीं। देखते ही देखते पूरा स्टेशन धुंए में तब्दील हो गया। रेलवे स्टाफ और इंजीनियरिंग टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है की ट्रेन में धुआं दोपहर साढ़े तीन बजे उठा। जबकि गाड़ी 4 बजकर 40 मिनिट पर भोपाल स्टेशन से निकलती है। जिससे गाड़ी में यात्री नहीं थे।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक जैसे ही स्टेशन पर धुआं देखा गया तुरंत फायर टीम ने जनरेटर कार पर जाकर फायर बूस्टर की मदद से आग पर काबू पाया। जनरेटर कार को अलग कर दिया गया। गाड़ी में नया जनरेटर कार लगाकर गाड़ी को 6 बजकर 17 मिनिट पर भोपाल से रवाना किया गया। बताया गया की ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट करने के दौरान पॉवर ऑन किया गया था। तभी जनरेटर कार से धुआं निकलने लगा। इस पूरी घटना की जांच की जा रही है।------