महिला आरक्षण को लेकर गर्माया मामला,भाजपा के लगाए पोस्टर कांग्रेसियों ने फाड़े,जमकर की नारेबाजी
महिला आरक्षण को लेकर भाजपा कांग्रेस दोनों ही दल अब आमने सामने आ गए हैं और दोनों में पोस्टर वॉर भी शुरू हो गया है। एक तरफ जहाँ भाजपा ने महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष के खिलाफ पोस्टर लगाए तो वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताकर पोस्टरों को फाड़ दिया। जिसको लेकर अब जमकर बवाल मचा हुआ है। कांग्रेसियों ने प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की।
नज़ारा राजधानी भोपाल का है जहां महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासत अब सड़कों तक पहुंच गई है। भोपाल में इस मुद्दे पर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने आ गए। बीजेपी कार्यालय के बाहर लगाए गए एक विवादित पोस्टर को लेकर शहर में जमकर बवाल हुआ। बीजेपी के सह मीडिया प्रभारी अंशुल तिवारी द्वारा लगाए गए पोस्टर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, अखिलेश यादव, एम.के. स्टालिन और ममता बनर्जी समेत अन्य विपक्षी नेताओं को निशाना बनाते हुए उन्हें परजीवी बताया गया। पोस्टर में आरोप लगाया गया कि इन नेताओं ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन नहीं किया। पोस्टर सामने आते ही युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता बीजेपी कार्यालय पहुंच गए। भोपाल युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमित खत्री के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विवादित पोस्टर को फाड़ते हुए बीजेपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवक कांग्रेस नेताओं ने इस पोस्टर को न सिर्फ अपमानजनक बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया। उनका कहना था कि राजनीतिक असहमति के नाम पर इस तरह की भाषा और आरोप लगाना गलत परंपरा को बढ़ावा देता है।