जब नहीं बचा था कोई सहारा, ऐसे में विधायक आये आगे, गम के आंसुओं को ख़ुशी में बदला
कहते हैं की जो इंसान मुसीबत में साथ खड़ा वही सबसे बड़ा, और जब ऐसा नज़ारा दिखाई देता है तो उसकी जमकर चर्चा भी की जाती है। कुछ इसी तरह का एक मामला भी सामने आया। जिसमें किसानों की उम्मीद जब टूट चुकी थी। वह निराश हो चुके थे, ऐसे समय में उनकी मदद करने कांग्रेस विधायक आगे आये और गम के आंसुओं को ख़ुशी में बदल दिया। दरअसल एमपी के हरदा जिले में किसानों की आग में जल चुकी फसल को टिमरनी विधायक अभिजीत शाह ने 25 सौ रूपये क्विंटल में बिकवाया। जिस फसल का मंडी में 4 सौ रूपये भाव मिल रहा था। जिसे जानवर भी नहीं खा सकते थे। उसी फसल का विधायक ने सही दाम किसानों को दिलवाया।
दरअसल बीते दिनों हरदा जिले के बड़झिरी गांव में आगजनी की भीषण घटना हुई थी। जिसने अचानक से 8 परिवारों की दुनिया ही उजाड़ दी। आशियाने जलने से किसानों की उम्मीदों के साथ-साथ फसल जलकर राख हो गई थी। निराशा के बीच किसान अपनी जली फसल लेकर सिराली मंडी पहुंचे। लेकिन वहां उन्हें समाधान नहीं मिला और अपनी फसल का दाम 400 रुपए प्रति क्विंटल मिल रह था। आखिरकार उन्होंने विधायक अभिजीत शाह को अपनी व्यथा बताई। सूचना मिलते ही विधायक बिना देर किए मंडी पहुंचे। उन्होंने किसानों को गले लगाकर उनका दर्द साझा किया और तुरंत पहल करते हुए उनकी जली हुई फसल को भी 2500 के भाव बिकवा दी। जो हरदा जिले की सभी मंडियों में इस दिन का सबसे ज्यादा भाव भी रहा। इस दौरान किसान भावुक हो गए।