बारात से लौटते ही मातम, टैंकर-कार से 4 की मौत, 3 जिंदगी से जूझ रहे और फिर
एमपी के बड़वानी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां खुशियों से भरी बारात पल भर में मातम में बदल गई। खरगोन-बड़वानी मार्ग पर जुलवानिया टोल प्लाजा के पास मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार टैंकर और कार की आमने-सामने टक्कर में 4 बारातियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के मुताबिक, जलगांव से आई बारात राजपुर पहुंची थी। समारोह के दौरान बारात में शामिल एक कार का डीजल खत्म हो गया। इसी वजह से कार में सवार कुछ युवक डीजल लेने के लिए जुलवानिया गए थे। लौटते समय उनकी कार सामने से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जुलवानिया पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई। वहीं तीन अन्य घायल जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं, जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया है।
हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश तेज कर दी गई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया गया है। इस हादसे के बाद जिस घर में शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है।