अधूरे डिवाइडर ने ली दो जिंदगियां, 30 मिनट तक सड़क पर प ड़े रहे शव,आधे घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के बक्सवाहा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने न सिर्फ दो जिंदगियां छीन लीं, बल्कि सिस्टम की संवेदनहीनता को भी उजागर कर दिया। हीरापुर मार्ग पर बने अधूरे डिवाइडर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान फूलचंद लोधी (30 वर्ष) निवासी गुंजनया और मुकेश लोधी (34 वर्ष) निवासी कामोदपुरा के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक से बक्सवाहा से अपने गांव लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
लेकिन हादसे के बाद जो तस्वीर सामने आई, उसने मानवता को झकझोर कर रख दिया। करीब आधे घंटे तक दोनों युवकों के शव सड़क पर ही पड़े रहे। न तो एंबुलेंस मौके पर पहुंची और न ही शव वाहन की कोई व्यवस्था की गई। आखिरकार स्थानीय लोगों और परिजनों को ही पहल करनी पड़ी और एक निजी ऑटो की मदद से शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बक्सवाहा पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस हादसे की सबसे बड़ी वजह अधूरा डिवाइडर और सड़क पर संकेतकों की कमी है। लंबे समय से अधूरा पड़ा यह डिवाइडर लगातार दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और आपातकालीन सेवाओं की सुस्ती पर बड़े सवाल खड़े करती है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि अधूरे डिवाइडर का काम जल्द पूरा किया जाए, स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।