MP | 15 करोड़ की फिरौती का जाल, बड़ी गैं ग कनेक्शन से बढ़ी हलचल, क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन
एमपी के इंदौर में सामने आए करोड़ों की फिरौती कांड ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है। इस मामले में अब एक बड़ा मोड़ सामने आया है, जब क्राइम ब्रांच ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े नेटवर्क के शक में एक अहम आरोपी को रिमांड पर लिया है। पुलिस ने हैरी बॉक्सर के करीबी माने जा रहे राजपाल को खरगोन से प्रोडक्शन वारंट पर इंदौर लाया है। अब उससे गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे इस पूरे फिरौती नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।
दरअसल, इंदौर में हाल ही में दो अलग-अलग मामलों में बड़ी रकम की फिरौती मांगी गई थी। एक मामले में दो व्यापारिक साझेदारों से करीब 10 करोड़ रुपए और दूसरे मामले में एक उद्योगपति से 5 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। खास बात यह रही कि ये फिरौती कॉल्स वीपीएन नंबर के जरिए किए गए, जिससे आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करना पुलिस के लिए चुनौती बन गई। जांच के दौरान पुलिस को खरगोन में भी इसी तरह का मामला सामने आने की जानकारी मिली। दोनों घटनाओं के तरीके में समानता मिलने के बाद क्राइम ब्रांच को एक बड़े गैंग कनेक्शन का शक हुआ। इसी कड़ी में अब राजपाल से पूछताछ कर कई अहम सुराग जुटाए जा रहे हैं।
डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका मास्टरमाइंड कौन है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या यह गैंग प्रदेश के अन्य शहरों में भी सक्रिय है। इस सनसनीखेज मामले ने व्यापारिक वर्ग में भी डर का माहौल बना दिया है। अब सभी की नजर पुलिस की जांच पर टिकी है कि आखिर इस 15 करोड़ की फिरौती के पीछे कौन सा बड़ा गिरोह काम कर रहा है। क्या जल्द होगा मास्टरमाइंड का खुलासा? या फिर यह नेटवर्क और गहराता जाएगा… जवाब आने वाले दिनों में सामने आएगा।