Sagar- चलती बस से उठता धुआं देख छात्रों ने ब चाई जान, समय रहते खाली कराई बस
सागर जिले के शाहगढ़ में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चलती बस से अचानक धुआं उठने लगा। गनीमत रही कि समय रहते स्थिति पर ध्यान दे दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और बस में सवार सभी छात्र-छात्राएं सुरक्षित बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार, डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर के छात्र-छात्राएं ज्यूलॉजिकल फील्ड 2026 के तहत अध्ययन यात्रा पर छतरपुर की ओर जा रहे थे। सभी छात्र बरकोटी ट्रेवल्स की बस क्रमांक MP 15P 6111 में सवार थे।
जैसे ही बस शाहगढ़ में टीकमगढ़ तिराहे के पास पहुंची, तभी बस के पिछले पहियों से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। शुरुआत में हल्का धुआं देखकर ड्राइवर को शक हुआ, जिसके बाद तुरंत बस को रोका गया। जैसे ही धुआं बढ़ने लगा, ड्राइवर और स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए सभी छात्रों को बस से नीचे उतरने के लिए कहा।
बस रुकते ही छात्र-छात्राएं घबराहट के बीच तेजी से नीचे उतरे। मौके पर मौजूद लोगों ने भी मदद की। कुछ ही देर में बस के पिछले हिस्से से ज्यादा धुआं उठने लगा, जिससे स्थिति गंभीर हो सकती थी।
हालांकि समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि अगर थोड़ी भी देर हो जाती, तो यह हादसा बड़ा रूप ले सकता था।
घटना के बाद बस को सड़क किनारे खड़ा कर तकनीकी जांच शुरू की गई। प्रारंभिक तौर पर पहियों में तकनीकी खराबी या ब्रेक सिस्टम में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर वाहन फिटनेस और सुरक्षा जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि सतर्कता और समय पर लिए गए फैसले ने कई जिंदगियों को बचा लिया।