Sagar - दोस्ती बनी जानलेवा, एक को बचाने उतरे, तीनों डूबे, 18 घंटे बाद खदान से निकले शव
सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गुड़ा गांव के पास स्थित क्रेशर खदान में नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। सबसे मार्मिक बात ये है कि एक दोस्त को बचाने के प्रयास में दो और युवकों ने अपनी जान गंवा दी। प्रत्यक्षदर्शी और हादसे में बाल-बाल बचे आयुष ने जो आपबीती सुनाई, वह रोंगटे खड़े कर देने वाली है। आयुष के मुताबिक, “हम सात दोस्त नहाने के लिए खदान पहुंचे थे। तनिश जैसे ही गहरे पानी में गया, वह डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अभिषेक और तेजराम कूद पड़े, लेकिन वे भी फंस गए। मैं भी उन्हें बचाने गया, लेकिन खुद डूबने लगा। तभी किनारे खड़े दोस्तों ने जींस फेंकी और मुझे बाहर खींच लिया। लेकिन हम तीनों को नहीं बचा पाए।”
शुक्रवार दोपहर हुए इस हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और SDRF को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 18 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद शनिवार दोपहर तेजराम पटेल और तनिश कोरी के शव बरामद किए गए। इससे पहले शुक्रवार रात अभिषेक का शव मिल चुका था। बताया जा रहा है कि गांव के एक व्यक्ति ने युवकों को गहरे पानी में जाने से रोका भी था, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया, जो उनकी जान पर भारी पड़ गया।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। यह हादसा एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि थोड़ी सी लापरवाही कैसे जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।