रेत माफिया ने सोते चौकीदार की ह त्या, मिनी ट्रक लेकर फरार आरोपी और फिर
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने एक बार फिर रेत माफिया के बढ़ते आतंक को उजागर कर दिया है। सोहागपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक मिनी ट्रक ने प्लॉट पर सो रहे चौकीदार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन समेत फरार हो गया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय अशोक कुमार कहार के रूप में हुई है, जो प्लॉट पर चौकीदारी के साथ-साथ राज मिस्त्री का काम भी करता था। जानकारी के मुताबिक, बैजनाथ सिंह के प्लॉट पर निर्माण कार्य चल रहा था और अशोक वहीं रात में सो रहा था। इसी दौरान देर रात रेत से भरी मिनी ट्रक प्लॉट में पहुंची और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सीधे अशोक के ऊपर चढ़ा दी।
घटना इतनी भयावह थी कि अशोक की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब आसपास के लोगों को इस घटना की जानकारी मिली, तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक चालक कौन था और क्या यह घटना महज लापरवाही का नतीजा है या इसके पीछे अवैध रेत परिवहन की बड़ी साजिश छिपी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिले में रेत का कोई अधिकृत ठेका नहीं होने के कारण अवैध उत्खनन और कालाबाजारी लगातार बढ़ रही है। गौरतलब है कि शहडोल में रेत माफिया के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें कानून का कोई डर नहीं रह गया है। यह घटना न सिर्फ एक व्यक्ति की मौत है, बल्कि प्रशासन के लिए भी एक बड़ा सवाल है—आखिर कब तक रेत माफिया का यह खतरनाक खेल यूं ही चलता रहेगा?