युवक ने गृहमंत्री पर की अभद्र टिप्पणी,शिकायत पर FIR दर्ज, पुलिस कर रही युवक की तलाश
सोशल मीडिया पर फेमस होने के चक्कर में युवा कुछ ऐसा करा गुजरते हैं जिससे वह मुसीबत में भी पड़ जाते हैं। साथ ही लाइक्स और फॉलोवर्स बटोरने के चक्कर में युवाओं की सनक भी देखने को मिलती है। कुछ इसी तरह का एक मामला भी सामने आया है। जिसमें एक युवक ने केंद्रीय गृहमंत्री को लेकर अभद्र टिप्पणी कर दी और अब वह मुसीबत में पड़ गया है। शिकायत के बाद अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामला एमपी के पन्ना जिले का है। दरअसल इस मामले में युवक द्वारा सोशल मीडिया एक्स पर टिप्पणी को लेकर जिला उपाध्यक्ष समेत महिला नेत्रियों ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज करवाई है।
बताया जा रहा है की पन्ना पुलिस ने X यानि ट्विटर यूजर सचिन मौर्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूनम यादव की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है। युवक ने न केवल गृहमंत्री को लेकर अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया। बल्कि एक महिला की तस्वीर का दुरुपयोग कर सामाजिक गरिमा को भी ठेस पहुँचाई। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता BNS की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गौरतलब है की युवक द्वारा सोशल मीडिया पर की गयी टिप्पणी के बाद पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। फिलहाल साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश जारी है। यह खबर उन लोगों के लिए सबक है जो सोशल मीडिया पर फेमस होने के चक्कर में मर्यादाएं भूल जाते हैं और अनर्गल पोस्ट कर देते हैं।