चलती ई-स्कूटी बनी आग का गोला, छात्रा ने कू द कर ब चाई जा न, और फिर
एमपी के कटनी के सागर पुल पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी अचानक आग का गोला बन गई। स्कूटी पर सवार एक छात्रा रोज की तरह कॉलेज जा रही थी, लेकिन रास्ते में जो हुआ, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूटी के पीछे से आ रहे लोगों ने अचानक धुआं निकलता देखा और तुरंत छात्रा को आवाज लगाई। जैसे ही छात्रा को खतरे का एहसास हुआ, उसने बिना देर किए सूझबूझ दिखाते हुए स्कूटी को रोका और तुरंत उससे कूदकर अपनी जान बचा ली।
छात्रा के स्कूटी से उतरते ही आग ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही पलों में पूरी ई-स्कूटी धू-धू कर जलने लगी और देखते ही देखते आग की लपटों में पूरी तरह समा गई। पुल पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और छात्रा सुरक्षित है।
फायर प्रभारी शैलेंद्र दुबे ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बैटरी या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। यह घटना एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल, छात्रा की सतर्कता और समय पर लिया गया फैसला उसकी जान बचाने में सबसे अहम साबित हुआ।