लव मैरिज के 7 महीने बाद युवक ने दी जान, आखिरी वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां लव मैरिज के महज 7 महीने बाद एक युवक ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना ने परिवार के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय विकास हिरवे के रूप में हुई है, जो हबीबगंज इलाके का निवासी था। जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह शाहपुरा स्थित एक होटल के कमरे में अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। होटल स्टाफ ने दरवाजा खोलकर देखा तो यह दर्दनाक मंजर सामने आया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन कमरे से कोई नोट बरामद नहीं हुआ। मामले में बड़ा मोड़ तब आया, जब परिजनों ने एक वीडियो पुलिस को सौंपा। बताया जा रहा है कि यह वीडियो विकास अपनी जीवन लीला समाप्त करने से पहले रिकॉर्ड कर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया था। वीडियो में विकास ने अपनी पत्नी स्नेहा सोलंकी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि शादी के बाद से ही उसे लगातार परेशान किया जा रहा था। उसके मुताबिक, पत्नी आए दिन झगड़ा करती थी और उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य भी उसे उकसाते थे।
परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद विकास घर से निकल गया। देर रात उसकी आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई, जिसके बाद परिवार ने तलाश शुरू की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वीडियो की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है। यह घटना एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते तनाव और मानसिक दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।