खुद ट्रेक्टर चलाकर कंधे पर फसल रखकर विधानसभा पहुंचे विधायक,PA से पुलिस ने की धक्का-मुक्की
अपने हाथों में खुद ही ट्रेक्टर का स्टेयरिंग थामकर जब एक युवा विधायक विधानसभा में पहुंचा तो सभी देखते रह गए। ट्रेक्टर ट्रॉली में गेहूं की फसल को रखकर पहुंचे विधायक को देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए की आखिर वह इस तरह क्यों आये हैं। वहीं विधानसभा के अंदर जाने के दौरान हंगामा भी हो गया। आरोप है की उनके PA को रोकने के दौरान पुलिस ने उनसे धक्का मुक्की की जिससे विधायक ने इसका कड़ा विरोध जताया।
दरअसल विधायक अभिजीत शाह इस तरह इसलिए पहुंचे थे ताकि जमीनी हकीकत सीधे सत्ता तक पहुंच सके। आपको बता दें की तस्वीरों में नज़र आने वाले ये हरदा जिले के टिमरनी से कांग्रेस के युवा विधायक अभिजीत शाह हैं। जो किसानों की आवाज़ को बुलंद करने के लिए अनोखे अंदाज़ में विधानसभा पहुंचे। हालांकि ट्रैक्टर को विधानसभा में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलने पर भी विधायक शाह नहीं रुके। उन्होंने उन्होंने गेहूं की बाली और फसल को अपने कंधों पर उठाया और पैदल ही अंदर जाने का प्रयास किया। लेकिन विधानसभा गेट पर तैनात मार्शल और पुलिस ने उन्हें रोक दिया। जिससे माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान उनके PA अर्पण ठाकुर के साथ पुलिस द्वारा झूमा-झटकी की गई और PA का विधानसभा प्रवेश पत्र भी छीना गया। स्थिति धक्का-मुक्की तक पहुंच गई।
इस घटनाक्रम पर विधायक अभिजीत शाह ने तीखा आक्रोश जताते हुए कहा कि यह किसानों की आवाज़ को दबाने का प्रयास है। उन्होंने साफ़ कहा कि किसान अपनी मेहनत की फसल का सम्मान और उचित दाम मांग रहे हैं। लेकिन उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। विधायक ने चेतावनी दी कि अगर किसानों के मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।